गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए सर्वप्रथम शामली खुले से शौच मुक्त बनाःअखिलेश सिंह
-जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धाजंलि,सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध हस्ताक्षकर अभियान चलाकर दलाई गई शपथ,
सत्यभाष संवाददाता, शामली
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी को हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि तभी होगी। जब हम उनके बताएं मार्ग का अनुसरण करें। उन्होंने कहा कि गांधी जी का स्वच्छ भारत के स्वप्न को पूरा करने के लिए सभी को एक साथ जुटकर सहयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रहने से जहां हम कई प्रकार की गम्भीर बीमारियों से बचेंगे वहीं अपने नौनिहालों को भी स्वस्थ्य रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी जी जिस बात का प्रण लेते थे उसे हर स्थिति में पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध रहते थे।
बुधवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी जी की 150वीं जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के शुभ अवसर पर झंडारोहण कर उनके चित्रों पर माल्यार्पण किया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के शुभ अवसर पर सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। हस्ताक्षर अभियान में जिलाअधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, परिवहन अधिकारियों तथा आम नागरिकों ने भी हस्ताक्षर किए। वहीं इसी दौरान जिलाधिकारी ने चरखा भी चलाया। डीएम अखिलेश सिंह ने खादी आश्रम द्वारा लगाई गई स्टाॅल का भ्रमण किया। जिसमें खादी के कपड़ों के साथ कपड़ों का थैला आदि था। इसी दौरान सहायता समूह द्वारा कपड़े का थैला जिलाधिकारी को भेंट किया। जिलाधिकारी ने सहायता समूह की महिलाओं को कहा कि अधिक से अधिक कपड़ों का थैला बनाएं और बाजारों में भी इसका प्रयोग किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आज से पालीथिन का प्रयोग पूर्णता प्रतिबंध हो गया है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी हमेशा सत्य के हिमायती रहे। उन्होंने कभी परवाह नहीं की उनके सत्य से सामने वाले पर क्या प्रभाव पड़ेंगा। उन्होंने जो संकल्प लिया उसे पूरा किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छत भारत के सपने को पूरा करने के लिए सर्वप्रथम शामली जनपद खुले में शौच मुक्त बना।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता किसी पेड़ की शाखाओं की तरह ही है। इस मिशन का भी मकसद भारत के हर-एक व्यक्ति को जोडना है, चाहे वो किसी भी व्यवसाय से हो।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की भी जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी अनुशासन व सादगी की मिसाल है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने निष्ठापूर्वक ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वाह को सदैव प्राथमिकता दी। लाल बहादुर शास्त्री सचमुच एक राजनेता न होकर एक जनसेवक थे। जिन्होंने सादगीपूर्ण तरीके से और सच्चे मन से जनता के हित को सर्वोपरि समझते हुए निर्भीकतापूर्वक कार्य किया। वे जनता के लिए ही नहीं वरन् आज के राजनीतिज्ञों के लिए भी एक आदर्श हैं। यदि हम आज उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास करें तो एक समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सिंगल यूज प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए अधिकारियों व आमजन को शपथ दिलाई। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर वैद्यनाथ इंटर कॉलेज के बच्चों ने गांधीजी की वेशभूषा धारण कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डा. अजय बाबू शर्मा ने किया।
इस अवसर पर एडीएम अरविंद कुमार, एसडीएम संदीप कुमार, तहसीलदार सदर राजकुमार भारती, अधिवक्ता बिजेंदर कुमार, ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मलिक, अधिवक्ता प्रदीप पंवार, अंकित गोयल, बीआईओएनआईसी अश्वनी शर्मा, विनोद अरोडा, दिव्या वर्मा आदि उपस्थित रहे।
गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए सर्वप्रथम शामली खुले से शौच मुक्त बनाःअखिलेश सिंह
• Satya Prakash Agarwal