भाजपा सरकार सरकारी नौकरियों को कर रही खत्मः पंकज मलिक
-कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक पंकज मलिक ने नवनियुक्त कार्यकारिणी का किया स्वागत
सत्यभाष संवाददाता, शामली
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक पंकज मलिक ने जनपद शामली की नवनियुक्त कार्यकारणी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा गरीब, कुचले लोगों को पार्टी में मौका दिया जा रहा है। पुराने कार्यकर्ता एक जुट होकर पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
सोमवार को पूर्व विधायक व कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक ने अपने कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। लेकिन हकीकत यह है कि रोजगार तेजी के साथ खत्म होता जा रहा है। शिक्षामित्र, अनुदेशक, होमगार्डस, आशा, आंगनबाडी कार्यकत्री, रसोईया, मदरसा शिक्षक, पैरामेडिकल क्षेत्र की नौकरियां लगातार खत्म हो रही है। भाजपा सरकार सरकारी नौकरियों को खत्म कर ठेका प्रथा चालू कर रही है। जिससे बेरोजगारी की दर 23 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कृषि क्षेत्र बदहाल है। किसानों को लागत मूल्य पर 50 प्रतिशत मुनाफा समर्थन मूल्य से नही मिल पा रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जीडीपी लगातार गिर रही है।
उन्हांने कहा कि जनहित समस्याओं को लेकर पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार की आर्थिक लूट के खिलाफ कांग्रेस सडकों पर उतरकर आन्दोलन कर रही है। जिसके चलते आगामी 15 नवंबर तक आन्दोलन चलाया जाएगा। जिसमें सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी द्वारा नवनियुक्त कार्यकारणी जिलाध्यक्ष दीपक सैनी का फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा गरीब और शोषित लोगों को मौका दिया गया। जिससे निश्चित रूप से पार्टी मजबूती की ओर बढे़गी।
इस दौरान इकराम अंसारी, यतेंद्र सिंह, बिजेंद्र मलिक, सतेंद्र मलिक, धर्मेंद्र काम्बोज, सुभाष शर्मा, निन्हा अंसारी, धीरज उपाध्याय, पदम कैडी, दुष्यंत शर्मा, सुलतान सिंह, मुस्तकीम मलहा, चिराग कैडी, बिट्टू कैडी आदि मौजूद रहे।
भाजपा सरकार सरकारी नौकरियों को कर रही खत्मः पंकज मलिक
• Satya Prakash Agarwal